पुलिस ने युवक आरोपी को किया गिरफ्तार , आरोपी की पहचान हनुमान नगर सतना निवासी वीरेंद्र चौधरी के रूप में हुई है।

लोकतंत्र टाइम्स– सतना (मध्य प्रदेश): सतना में तीन महीने के बच्चे की हत्या के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसने बच्चे के पिता से बदला लेने के लिए उसका सिर सड़क पर पटक दिया। बच्चे का शव एक पॉलीथीन बैग में मिला।
पुलिस ने सतना के हनुमान नगर निवासी वीरेंद्र चौधरी नामक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक ने कथित तौर पर 6 नवंबर की रात को अपनी मां के साथ सो रहे बच्चे का अपहरण कर लिया और उसके सिर को सड़क पर पटक-पटक कर उसकी हत्या कर दी। रिपोर्ट के मुताबिक, युवक का बच्चे के पिता से विवाद था। बच्चे का शव 7 नवंबर को रामा मेडिकल के बाहर पन्नीलाल चौक के पास एक पॉलीथिन बैग में मिला था।
बच्चे की पहचान रेलवे स्टेशन पर गुटखा बेचने वाले प्रिंस पांडे के बेटे के रूप में हुई है। पुलिस ने रविवार को मामले का खुलासा किया। सतना जीआरपी के प्रभारी राजेश राज ने बताया कि बच्चे का अपहरण हनुमान मंदिर के पास प्रिंस के घर से हुआ था। घटना उस समय हुई जब बच्चा अपनी मां पिंकी पांडे के साथ सो रहा था। सुबह प्रिंस पांडे ने अपने तीन महीने के बच्चे की तलाश शुरू की और उसी दिन बच्चे का शव बरामद हुआ।
पुलिस को पता चला कि हत्यारा पैसे लेने के लिए अपनी मां के पास जाने वाला था। जैसे ही वीरेंद्र ने पुलिस को देखा, वह भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जब पुलिस ने वीरेंद्र से पूछताछ की, तो उसने अपराध करना कबूल कर लिया। कुछ दिन पहले हुए विवाद के बाद बच्चे के पिता ने युवक की पिटाई कर दी थी।
