जिले के गढ़ीमलहरा इलाके में मंगलवार को एक व्यक्ति ने बदला लेने के लिए अपने 65 वर्षीय पिता की हत्या कर दी।

लोकतंत्र टाइम्स –खबर के मुताबिक, अपने पिता पूरन रायकवार की हत्या करने वाले नरेंद्र रायकवार ने अपने पिता से बदला लेने के लिए यह अपराध किया, जो बचपन में उसके साथ मारपीट करते थे।
एक अधिकारी ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर दूर गढ़ी मलहरा कस्बे में हुई इस घटना के सिलसिले में आरोपी नरेंद्र रायकवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अगम जैन ने बताया कि 40 वर्षीय आरोपी ने सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात को हुए विवाद के बाद अपने पिता पूरन रायकवार की लाठी से कथित तौर पर पिटाई की और उनकी हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान नरेंद्र ने बताया कि वह अपने पिता से नाराज था, क्योंकि बचपन में वह उसे पीटता था और उसकी मर्जी के खिलाफ उसकी शादी करवाई थी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं और वह हाल ही में हत्या के एक मामले में सजा काटकर जेल से बाहर आया था।
