लोकतंत्र टाईम्स डेस्क,बोरखेड़ा, आज गुरुवार को बोरखेड़ा गाँव की महिला अनीता पाटीदार ने पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान का विशेष प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर गाँव और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि के लिए उन्हें एक सम्मान समारोह में प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम आनंदा फाउंडेशन व जीविता मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें कंपनी की बोर्ड अध्यक्ष श्रीमती रानी कटारिया, सीईओ विनीता और पिपलौदा पशुपालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. मनीष, डॉ प्रदीप और आनंदा फाउंडेशन से संजय शर्मा,रामरख और उनके साथी अंकित जाट व ग्राम सखी माया कुंवर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

समारोह में डॉ. मनीष और डॉ प्रदीप ने अनीता पाटीदार को प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) भेंट कर उनका सार्वजनिक रूप से सम्मान किया और कहा “इस तरह का प्रशिक्षण प्राप्त कर महिलाएं तकनीकी क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं, जो समाज के लिए गर्व की बात है।”सीईओ और बोर्ड अध्यक्ष श्रीमती रानी कटारिया ने भी अनीता की सराहना करते हुए कहा “हमारी कंपनी की यह कोशिश है कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाए और अनीता जैसे उदाहरण हमें और मजबूत करते हैं।

“ग्राम पंचायत परिसर में आयोजित इस सम्मान समारोह में ग्रामवासी, महिलाएं, एवं पशुपालक उपस्थित थे। कार्यक्रम में यह भी घोषणा की गई कि जल्द ही गाँव पशु स्वास्थ्य शिविर एवं प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अनीता पाटीदार भी अपनी भूमिका निभाएंगी।
