
लोकतंत्र टाईम्स,नागदा,- लैंक्सेस इंडिया ने नागदा में लोगों के जीवन को बेहतर बनाने और उनके विकास में योगदान देने के लिये अपने प्रयासों को जारी रखते हुए 2023-24 में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तर दायित्व (सीएसआर) की कई महत्वपूर्ण पहलें की हैं। ये परियोजनाएं शिक्षा, नवीकरण-योग्य ऊर्जा, जल संरक्षण और सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देने पर फोकस करती हैं। इन सभी पहलों से यहां के लोगों के जीवन पर सकारात्मक असर पड़ा है।

जलवायु सुरक्षा के विषय पर ध्यान देते हुए कंपनी ने नागदा नगरपालिका को सहयोग प्रदान किया है। इसके तहत नगरपालिका उद्यान में सोलर स्ट्रीट लाइट, सोलर हाई मास्ट और सौर ऊर्जा/ विद्युत उत्पत्ति के दूसरे उपकरण लगाये गये हैं। इस उद्यान की लंबाई लगभग 1.5 किलोमीटर है।इसके साथ ही नागदा के म्युनिसिपल स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिये कंपनी ने डिजिटल स्मार्ट कक्षाओं की व्यवस्था की है। लैंक्सेस ने मेहतवास गांव में नागदा के नागरिक प्रशासकों द्वारा संचालित स्वच्छता परियोजना में भी सहयोग दिया है।

इन सीएसआर परियोजनाओं पर अपनी बात रखते हुए, लैंक्सेस इंडिया के वाइस-चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर नमितेश रॉय चौधरी ने कहा, हमें पर्यावरण के अनुकूल विकास और सामुदायिक सशक्तिकरण में नागदा के सफर का हिस्सा बनने पर गर्व है। सीएसआर की यह पहलें सभी के उज्ज्वल भविष्य को बढ़ावा देने और जीवन सुधारने के लिये हमारी बड़ी प्रतिबद्धता का एक छोटा-सा हिस्सा हैं।
